प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, लगभग 1000 किलोग्राम महुआ लहन किया गया नष्ट
1 min read
संत कबीर नगर 27 फरवरी, 2026 (सूचना विभाग) जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश के क्रम में जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आज बड़ी और प्रभावी कार्रवाई की गई।
जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार के कुशल निर्देशन में आज आबकारी टीम धनघटा एवं थाना धनघटा की पुलिस टीम के साथ में बिड़हर घाट में सुबह 9:30 बजे दबिश छापेमारी की कार्रवाई की गई जिसमें लगभग 1000 किलो महुआ लहान को मौके पर नष्ट किया गया।

संयुक्त टीम की इस योजनाबद्ध कार्रवाई के दौरान सुनसान स्थानों और संभावित ठिकानों की गहन तलाशी ली गई। दबिश के दौरान अवैध रूप से तैयार किया जा रहा करीब 1000 किलोग्राम महुआ लहन मौके पर बरामद हुआ। आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए बरामद लहन को तत्काल मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जिससे अवैध कच्ची शराब के निर्माण की कोशिशों को पूरी तरह विफल कर दिया गया। इस अचानक हुई कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लंबे समय से प्रशासन की नजर से बचकर कच्ची शराब का धंधा करने वाले तत्वों को इस कार्रवाई से कड़ा संदेश मिला है कि अब किसी भी कीमत पर गैरकानूनी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें अवैध शराब के सेवन से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों के बारे में भी जागरूक किया। साथ ही यह अपील की गई कि यदि कहीं भी अवैध शराब का निर्माण या बिक्री हो रही हो तो उसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद को अवैध शराब मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। आने वाले दिनों में और भी तेज छापेमारी, गश्त और निगरानी की जाएगी। आबकारी विभाग और पुलिस की इस संयुक्त, सख्त और प्रभावी कार्रवाई से जहां आम जनता में सुरक्षा और भरोसे की भावना मजबूत हुई है, वहीं कच्ची शराब के कारोबारियों में दहशत का माहौल बन गया है, जो प्रशासन की इस मुहिम की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
निरीक्षण के क्रम में कल दिनांक 26 फरवरी को उप जिलाधिकारी धनघटा एवं क्षेत्राधिकारी धनघटा तथा आबकारी निरीक्षक धनघटा की संयुक्त टीम द्वारा हैंसर बाजार, शनिचरा बाजार आदि दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। कुछ दुकानों पर अनियमिता पाई गई जिसके लिए नोटिस जारी कर जुर्माना आरोपित किया गया।

