डीएम की अध्यक्षता में सैनिक बंन्धु की बैठक हुई आयोजित
1 min read
संत कबीर नगर 27 फरवरी 2026 (सूचना विभाग) जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में सैनिक बंन्धु की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त व राजस्व) जयप्रकाश उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। बैठक में जनपद के लगभग 56 पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों ने अपनी समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। बैठक के दौरान मुख्य रूप से भूमि विवाद और शस्त्र लाइसेंस से संबंधित प्रकरणों पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार प्रकरणों के निस्तारण हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि कि पूर्व एवं सेवारत सैनिकों की समस्याओं का निराकरण समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि देश की सेवा करने वाले सैनिकों का सम्मान और उनके हितों की रक्षा हमारी प्राथमिकता है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में आए भूमि विवाद के मामलों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे एक सप्ताह के भीतर सभी प्रकरणों की जांच कर अपनी आख्या और प्रगति रिपोर्ट प्रेषित करें।
शस्त्र लाइसेंस के संदर्भ में जिलाधिकारी ने पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि सभी लंबित प्रकरणों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता के साथ तय समय सीमा में किया जाए, प्रकरण की अद्यतन स्थिति से जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को भी अवगत कराया जाए तथा संबंधित कार्यवाही की मेल/कॉपी प्रार्थी (सैनिक) को भी उपलब्ध कराई जाए ताकि वे अपने केस का फॉलो-अप आसानी से कर सकें।

पूर्व सैनिक राम निवास एवं श्रीमती विमला देवी के साथ हुई धोखाधड़ी के गंभीर मामले में जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद को तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने और विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल राम प्रकाश मिश्रा एवं उपस्थित पूर्व सैनिकों ने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘सैनिक कल्याण भवन’ के निर्माण एवं विकास में जिलाधिकारी का निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन सराहनीय रहा है। यह भवन न केवल सैनिकों के लिए सहायक होगा, बल्कि जनपद के नागरिकों में देश प्रेम और अनुशासन की भावना भी जागृत करेगा।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 रामानुज कनौजिया, उप जिलाधिकारी खलीलाबाद अरुण कुमार, उप जिलाधिकारी मेंहदावल संजीव राय, उप जिलाधिकारी धनघटा डॉ0 सुनील कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी, जिला कमांडेंट होमगार्ड, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद अवधेश भारती एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

