कैंडिल मार्च निकाल कोलकाता की घटना का जताया विरोध, दी श्रद्धांजलि
कोलकाता के मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना से पूरे देश में लोगो को गुस्सा है। इसी क्रम में संतकबीरनगर जिला मुख्यालय पर युवाओं और शहर की तमाम महिलाओं ने आवाज बुलंद करते हुए जूनियर हाईस्कूल से समय माता मंदिर तक कैंडल मार्च निकाला जमकर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही दोषियों को जल्द से जल्द फांसी देने की मांग की है। देखिए रिपोर्ट
कोलकाता में हुए महिला चिकित्सक के साथ रेप और निर्मम हत्या के विरोध में लगातार आन्दोलन हो रहे हैं। चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी प्रदर्शनरत हैं ही। साथ ही सामाजिक संगठन और राजनीतिक दल भी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उसी कड़ी में रविवार देर शाम को खलीलाबाद शहर में विभिन्न महिला संगठनों ने कैंडिल मार्च निकाला। चिकित्सक को श्रद्धांजलि देने के साथ ही घटना का विरोध जताते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग उठाई। सपा महिला मोर्चा के साथ ही अन्य सामाजिक संगठन की महिलाएं और पदाधिकारी शामिल हुए। शहर के जूनियर हाईस्कूल परिसर से मार्च निकला और समय माता मंदिर पर पहुंचकर खत्म हुआ। भाजपा नेत्री और इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष सुनीता अग्रहरि ने कहा कि महिला चिकित्सक के साथ हुई घटना बेहद दर्दनाक और समाज को शर्मशार करने वाली है। इसकी जांच उच्चस्तरीय होनी चाहिए। इसके अलावा इसके दोषियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि हम सभी की संवेदनाएं परिवार के साथ हैं। सपा नेत्री अंशिका पांडेय ने कहा कि कोलकाता की घटना से हर कोई आहत है। दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। इस दौरान विवेक राज , कृपाचार्य पांडेय, प्रियांशु शर्मा, आलोक मौर्य, राजन चौधरी, सचिन चौरसिया, कृति, दिप्ती, रोशनी आदि मौजूद रहीं।

