डीएम द्वारा मंडी समिति के गेहूं क्रय केंद्र/मंडी यार्ड का किया गया औचक निरीक्षण, दिए गए आवश्यक दिशा निर्देश
1 min read
संत कबीर नगर 13 मई 2026(सूचना विभाग) जिलाधिकारी आलोक कुमार द्वारा खाद्य विभाग एवं मण्डी समिति के क्रय केन्द्र मण्डीयार्ड का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय केन्द्र प्रभारी मनोज कुमार गिरि विपणन निरीक्षक उपस्थित पाये गये। केन्द्र पर सभी व्यवस्थाये पूर्ण पायी गयी। उल्लेखनीय है कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 में शासन द्वारा जनपद में गेहूँ खरीद का लक्ष्य 14500 मी०टन के सापेक्ष अब तक कुल खरीद 9014.57 मी०टन गेहूँ की खरीद 1761 किसानो से हुई है। उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 4368 किसानो का पंजीकरण गेहूँ विक्रय हेतु कराया गया है।

निरीक्षण के दौरान बताया गया कि दिनांक 12.05.2026 तक केन्द्र मण्डीयार्ड पर 71 किसानो से 2933.00 कु० अभी तक गेहूँ क्रय किया गया है, जिसके सापेक्ष भारतीय खाद्य निगम में सम्प्रदान 1189.00 कु० हुआ है अभी भी केन्द्र पर 1744.00 कु० गेहूँ अवशेष है, एवं मण्डीयार्ड द्वितीय पर 64 किसानो से 2821.00 कु० खरीद की गयी है, खरीद के सापेक्ष 717.00 कु० गेहूँ भारतीय खाद्ध निगम डिपो में सम्प्रदान किया गया है अभी भी केन्द्र पर 2104.00 कु० गेहूँ अवशेष है। इस पर जिलाधिकारी द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए केन्द्र प्रभारी को निर्देशित किया गया कि अधिक से अधिक किसानो से सम्पर्क करते हुए खरीद में तेजी लायें एवं मौसम को देखते हुए अवशेष गेहूँ का अविलम्ब भारतीय खाद्य निगम डिपो में सम्प्रदान करना सुनिश्चित करें।

इसी प्रकार जिलाधिकारी द्वारा मण्डी समिति के क्रय केन्द्र का औचक निरीक्षण किया गया निरीक्षण के समय केन्द्र प्रभारी श्री रामचेत चौहान उपस्थित मिलें। दिनांक 12.5.2026 तक केन्द्र पर 4334.50 कु० गेहूँ 116 किसानों से खरीद की गयी है, जिसके सापेक्ष 1154.50 कु० गेहूँ भारतीय खाद्य निगम डिपो में सम्प्रदान किया गया है अभी भी केन्द्र पर 3180.00 कु० गेहूँ अवशेष है। निरीक्षण के समय केन्द्र पर शोभासरन पुत्र रामराज ग्राम शिवसरा 23.00 कु० एवं फूल चन्द राय पुत्र रामरेखा राय ग्राम सांखी का 55.00 कु० गेहूँ की खरीद चल रही थी। गेहूँ क्रय केन्द्र के निरीक्षण के समय उपर्युक्त केन्द्रों पर अबतक खरीदे गये किसानो के पंजीकरण प्रपत्र, खतौनी की यादृच्छिक रूप से भी जांच की गयी और निर्देशित किया गया कि किसानो के पंजीकरण प्रपत्र, खतौनी की गहनता से जांचोपरान्त ही गेहूँ खरीद करना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी द्वारा मण्डी परिसर का भी निरीक्षण किया गया निरीक्षण के समय परिसर में काफी गंदगी पायी गयी जिस पर जिलाधिकारी द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए, मण्डी सचिव को कठोरतापूर्वक निर्देशित किया गया कि विलम्बतम् एक सप्ताह के अन्दर परिसर की साफ सफाई की व्यवस्था पूर्ण करायी जाये।

