तहसील मेहदावल के ग्राम बेलौली व तहसील खलीलाबाद के ग्राम परजूडीह में चकबंदी से संबंधित जन चौपाल कार्यक्रम का हुआ आयोजन
1 min read
संत कबीर नगर 28 फरवरी, 2026 (सूचना विभाग) चकबन्दी आयुक्त उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश के क्रम में विगत दिवस तहसील खलीलाबाद के ग्राम परजूडीह में उप संचालक चकबन्दी/अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चन्द्रेश कुमार सिंह तथा तहसील मेंहदावल के ग्राम बेलौली में बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी, संत कबीर नगर विनय कुमार सिंह के द्वारा जन चौपाल लगाकर चकबन्दी सम्बन्धी समस्याओं को सुना गया।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने बताया कि ग्राम परजूडीह में पुराने गाटा नंबरों के तरमीम का कार्य पूर्ण होने के बाद पड़ताल का कार्य किया जाना है। इस सम्बन्ध में चकबन्दी अधिकारी को निर्देशित किया गया कि ग्राम में तत्काल पड़ताल कार्य पूर्ण कराकर प्रगति बढ़ाये। उपस्थित कृषकों ने ग्राम की चकबन्दी शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की गयी है। ग्राम के स्टाफ को निर्देशित किया गया कि ग्राम में वरासत व नामान्तरण के अविवादित प्रकरणों का कैम्प लगाकर निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाये।

इसी प्रकार बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी ने बताया कि ग्राम बेलौली में जन चौपाल में उपस्थित कृषकगणों द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार ग्राम में स्वत्व व विभाजन सम्बन्धी कई मुकदमें चकबन्दी अधिकारी मेंहदावल के न्यायालय पर काफी समय से लम्बित है, जिनका शीघ्र निस्तारण कराकर ही ग्राम की चकबन्दी कार्य प्रगति बढ़ाई जायें तथा ग्राम के कुछ गाटा नम्बरों की गलत तरीके से कीमत लगा दी गयी है। ऐसे गाटा नम्बरों का भी स्थल निरीक्षण कराकर चकबन्दी बाहर किया जाये। मौके पर उपस्थित ग्राम के सहायक चकबन्दी अधिकारी कृष्ण कुमार मय स्टाफ को निर्देशित किया गया कि चकबन्दी अधिकारी मेंहदावल से समन्वय स्थापित कर उनके न्यायालय पर लम्बित मुकदमों का शीघ्र निस्तारण करायें तथा जिन गाटा नम्बरों की कीमत गलत लगा दी गयी है उन नम्बरों का स्थल निरीक्षण कराकर नियमानुसार आवश्यक दुरूस्ती कराने के उपरान्त ही ग्राम का अग्रिम कार्य बढ़ाया जाये तथा ग्राम में चकबन्दी अधिकारी व सहायक चकबन्दी अधिकारी लम्बित मुकदमों के शीघ्र निस्तारण हेतु ग्राम में सार्वजनिक स्थान पर चकबन्दी अदालत लगाकर मुकदमों का निस्तारण कराना सुनिश्चित करें जिससे कि कृषकों को अनावश्यक मुकदमों में पैरवी हेतु परेशान न होना पड़े।
बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी द्वारा बताया गया कि चकबन्दी आयुक्त के निर्देश के क्रम में इस प्रकार नियमित रूप से भिन्न-भिन्न ग्रामों में जन चौपाल लगाकर चकबन्दी सम्बन्धी समस्याओं का निराकरण किया जायेगा।

