सिरसी का ग्रामीण मिनी स्टेडियम खिलाड़ियों के लिए बनकर तैयार
1 min read
संत कबीर नगर 03 जून 2026(सूचना विभाग) जिला युवा कल्याण अधिकारी रामप्रताप सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत सिरसी ,विकास खंड हैसर बाजार ,तहसील और विधान सभा धनघटा में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा ग्रामीण मिनी स्टेडियम बनकर तैयार हो गया है । इस स्टेडियम को बनाने में लगभग 5 करोड़ रुपये खर्च किये गए । इसका निर्माण कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड ने किया है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण मिनी स्टेडियम को गुणवत्तापूर्ण
बनाया गया है और इस दृष्टि से मुख्य विकास अधिकारी और जिलाधिकारी द्वारा भी नियमित निरीक्षण किया गया है । इस स्टेडियम में इनडोर और आउटडोर दोनों प्रकार के स्पोर्ट्स के खेलने की व्यवस्था है । मल्टीपरपज हॉल में बैडमिंटन ,कुश्ती ,कबड्डी आदि गेम खेले जा सकते हैं , वहीं उसी बिल्डिंग के ऊपरी तल पर एक कमरा टेबल टेनिस के लिए भी बनाया गया है । बालक और बालिकाओं के लिए अलग – अलग टॉयलेट के साथ ही चेंजिंग रूम भी बनाए गए हैं ।स्टेडियम के बाउंड्री वॉल के अंदर फुटबॉल ,वॉलीबॉल ,क्रिकेट , रनिंग इवेंट एवं अन्य आउटडोर स्पोर्ट्स भी खेले जा सकते हैं ।तीन एकड़ में निर्मित ग्रामीण मिनी स्टेडियम सड़क मार्ग से जुड़ा हुआ है और इसके आस-पास के सैकड़ों गांवों के युवाओं को इससे लाभ मिलेगा। स्टेडियम का संचालन युवा कल्याण विभाग द्वारा किया जाएगा। इस वित्तीय वर्ष में स्टेडियम में खेल प्रशिक्षक का भी चयन किया जाएगा। स्टेडियम की 24 घंटे सुरक्षा के लिए 6 पी आर डी जवान भी तैनात किए गए हैं।

जनपद के ग्राम पंचायत चन्दनी, विकास खंड बघौली ,विधान सभा मेहदावल में एक अन्य ग्रामीण स्टेडियम निर्मित किया जा रहा है जो अगले वर्ष तक बनकर तैयार हो जाएगा।

