नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9511101617 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें
May 22, 2026

S News Bharat

S News Bharat | No.1 News Portal Of India

डीएम की अध्यक्षता में आगामी त्यौहार बकरीद को आपसी भाई-चारे एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाये जाने के दृष्टिगत शांति समिति की बैठक हुई आयोजित

1 min read



त्यौहारों को परम्परागत तरीके से मनाये जनपदवासी, किसी भी नई परंपरा की न की जाए शुरूआत- डीएम।

सोशल मीडिया पर न डालें भ्रामक फोटो व वीडियो, संबंधित के विरुद्ध होगी कड़ी कार्यवाही – एसपी।

संत कबीर नगर 22 मई, 2026 (सूचना विभाग )। जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट आलोक कुमार की अध्यक्षता में ईद-उल-अजहा (बकरीद) के दृष्टिगत सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने तथा शांतिपूर्ण एवं परम्परागत तरीके से आपसी भाई-चारे के साथ त्योहार को मनाने हेतु शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, अपर
जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह व अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने उपस्थित धार्मिक प्रबुद्धजनों एवं अलग-अलग क्षेत्रों से आये हुए संभ्रान्त नागरिकों, एवं शांति समिति के सदस्यों से सीधा संवाद कर आगामी त्यौहार बकरीद के अवसर पर आपसी सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने में शांति एवं सहयोग की अपील करते हुए कहा कि त्यौहार में किसी प्रकार की नई परंपरा की शुरूआत न की जाए। जिस प्रकार से और जिस जगह पर विगत वर्षो में बकरीद के दौरान कुर्बानियां दी जाती रही हैं उसी को कायम रखना है। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी न दी जाए तथा कोई भी कुर्बानी खुले में न हो। जिलाधिकारी ने उपस्थित समस्त क्षेत्रीय प्रबुद्धजनों से अपील करते हुए कहा कि लोगों को अधिक से अधिक जागरूक करें जिससे त्यौहार शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि कुर्बानी के उपरांत अपशिष्ट/अवशेष प्रदार्थाे को खुले में न डाला जाए।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि नमाज के मुख्य मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कराकर जर्जर विद्युत तारों को समय रहते दुरुस्त करना सुनिश्चित करें तथा त्यौहार के समय विद्युत आपूर्ति निर्वाध संचालित रहे। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसी प्रकार की लापरवाही संज्ञान में न आए एवं साफ सफाई की विशेष व्यवस्था रहे। उन्होंने समस्त अधिशाषी अधिकार नगर पालिका/नगर पंचायत को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने-अपने इलाकों में साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराते हुए त्योहार के दिन सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी पहले से ही सुनिश्चित रखी जाए।

जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकरी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित समस्त सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान विशेष सतर्कता व अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करते हुए त्यौहार को सकुशल संपन्न कराने में अपनी भूमिका का निर्वहन करें, इन कार्यों में किसी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बकरीद के त्यौहार को परंपरागत रूप से मनाये जाने के संबंध में पुलिस अधिकारियों/थानाध्यक्षों को निर्देशित करते हुए कहा कि शांति-सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। त्यौहार में मुस्लिम समुदाय द्वारा ईदगाहों, मस्जिदों में नमाज अता की जाती है तथा परंपरागत रूप से निश्चित स्थलों पर कुर्बानी दी जाती है। उन्होंने कहा इस दौरान संबंधित अधिशाषी अधिकारी व जिला पंचायत राज अधिकारी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मस्जिद, नमाज स्थलों के आसपास विशेष सफाई कराकर चूने का छिड़काव कराना सुनिश्चित करें, जलापूर्ति की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। कुर्बानी के पश्चात अवशेष को उचित स्थान पर पर्याप्त संख्या में गहरा गड्डा खुदवाकर उसमें ब्लीचिंग, नमक तथा चूना डालकर उचित तरीके से ढकवा कर निस्तारण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कुर्बानी देते वक्त उसका फोटो व वीडियों न बनाये और न ही उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करें। किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस प्रशासन सदैव तत्पर रहेगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रो में यह सुनिश्चित करेंगे कि कुर्बानी पूर्व से निर्धारित परंपरागत स्थलों पर ही की जाए, किसी भी दशा में खुले में कोई कुर्बानी नहीं की जाए। उक्त त्यौहार पर कोई नई परंपरा कायम नहीं की जाए।

पुलिस अधीक्षक ने समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष को निर्देश देते हुए कहा कि त्यौहार के दौरान अपने-अपने क्षेत्र में निरंतर भ्रमणशील रहते हुए शांति व सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखें, जिससे किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न होने पाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक सवेंदनशील मामलों में माहौल खराब करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन व पुलिस द्वारा कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने सभी को बकरीद की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण एवं आपसी भाई-चारे के साथ एक दूसरे की भावनाओं का आदर करते हुए मनाये जाने की अपेक्षा व्यक्त किया तथा कहा कि किसी भी सम्भावित समस्या की दशा में तत्काल स्थानीय पुलिस चौकी, थाने अथवा सम्बंधित अधिकारी को तुरन्त सूचित करें। जिसका अविलम्ब निराकरण कराया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 रामानुज कन्नौजिया, उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, उप जिलाधिकारी मेहदावल अरुण कुमार, उप जिलाधिकारी धनघटा रविकांत चौबे, पुलिस क्षेत्राधिकार खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, पुलिस क्षेत्राधिकारी धनघटा अभय मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी यातायात अमित कुमार, नगर पंचायत मगहर अध्यक्ष प्रतिनिधि नूरुज्जमा अंसारी, सभासद अवधेश सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ0 एस के तिवारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश चंद्र, जिला होमगार्ड कमांडेंट शैलेंद्र मिश्रा, एसडीओ विद्युत अनंत यादव, पंकज कुमार, अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत, थाना प्रभारीगण, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित क्षेत्रों से आए हुए ग्राम प्रधान एवं संभ्रांत नागरिकगण आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright ©2024 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:- 8920664806
Right Menu Icon