मा0 राज्य सूचना आयुक्त राकेश कुमार द्वारा जन सूचना अधिकारियों के साथ बैठक कर सूचना अधिकार अधिनियम से संबंधित नियमों की जानकारी देते हुए विभिन्न बिंदुओं पर दिया गया मार्गदर्शन
1 min read
संत कबीर नगर 04 अप्रैल 2026 (सूचना विभाग) मा0 राज्य सूचना आयुक्त राकेश कुमार द्वारा जनपद के जन सूचना अधिकारियों के साथ तहसील मेंहदावल में बैठक की गई व सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
मा0 राज्य सूचना आयुक्त द्वारा सभी जन सूचना अधिकारियों को बताया गया कि आवेदक द्वारा मांगी गई सूचनाओं को 30 दिवस के भीतर अवश्य उपलब्ध कराया जाए तथा सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत लोगों को जो अधिकार दिए गए हैं उनका अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। आवेदक द्वारा मांगी गई सूचना प्रत्येक दशा में आवेदक को निर्धारित समय के भीतर उपलब्ध कराई जाए।


मा0 राज्य सूचना आयुक्त ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सूचना उपलब्ध कराने के दौरान आवश्यक प्रपत्र संलग्नक के रूप में अवश्य लगाये जाय, जिसमें सूचना मांगने वाले के आशय की पुष्टि हो, आधी-अधूरी अथवा भ्रामक सूचना कदापि न उपलब्ध कराई जाए। मा0 सूचना आयुक्त ने निर्देश दिया कि प्रत्येक जनसूचना अधिकारी अपने कार्यालय में एक रजिस्टर रखें, जिसमें जनसूचना आवेदन पत्र की प्राप्ति एवं उसके निस्तारण से संबंधित विवरण क्रमवार, तिथिवार अंकित किया जाय, यदि कोई आवेदन पत्र विभाग से संबंधित नही है, तो 05 दिन के भीतर संबंधित विभाग को अन्तरित कर दिया जाए।
मा0 सूचना आयुक्त ने कहा कि सूचना अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदन पत्र को मिलते ही इस पर कार्यवाही कर सूचना उपलब्ध करा दे जिससे अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने कहा कि जन सूचना अधिकारी अपने अधिकार क्षेत्र/कार्य क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाली बिन्दुओं पर ही सूचना उपलब्ध करा सकते है। प्राइवेट संस्थानों से सम्बंधित वह सूचना जहां तक लोक प्राधिकारी/जन सूचना अधिकारी की पहुॅच हो, उसकी सूचना दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति अथवा थर्ड पार्टी से सम्बंधित सूचना सम्बंधित से पूछ कर ही दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में अधिकृत जन सूचना अधिकारी द्वारा ही आवेदक को सूचना उपलब्ध करायी जाए, जिसमें जन सूचना अधिकारी अपना मूल पद अवश्य दर्ज करे।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मेंहदावल संजीव कुमार, तहसीलदार मेंहदावल अल्पिका वर्मा, उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित विभिन्न विभागों के जन सूचना अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

