डीएम की अध्यक्षता में जनपद में उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेण्डर की निर्वाध एवं सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित कराए जाने के संबंध में बैठक हुई आयोजित
संत कबीर नगर 13 मार्च, 2026 (सूचना विभाग) जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जनपद में उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेण्डर निर्वाध एवं सुचारू रूप से उपलब्ध कराये जाने एवं उसकी उपलब्धता तथा वितरण में आ रही समस्याओं आदि के त्वरित समाधान के सम्बन्ध में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी द्वारा बैठक में जनपद में गैस की उपलब्धता एवं वितरण में आ रही समस्याओं के सम्बन्ध में समीक्षा की गयी। बैठक के दौरान विक्रय अधिकारियों द्वारा बताया गया कि जनपद में एलपीजी सिलेण्डर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और एजेन्सियों को बाटलिगं प्लान्ट से एलपीजी सिलेण्डर की आपूर्ति लगातार करायी जा रही है। विक्रय अधिकारियों द्वारा बताया गया कि कम्पनी का सर्वर सही से काम न करने के कारण उपभोक्ताओं को गैस की बुकिंग की प्रक्रिया मे समस्या आ रही है जिसे आज सांय तक ठीक हो जाने की संभावना है।

विक्रय अधिकारियों द्वारा यह भी बताया गया कि वर्तमान में उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग की समय सीमा ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिन एवं नगरीय क्षेत्र में 25 दिन कर दी गयी है।
जिलाधिकारी द्वारा गैस एजेन्सियों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि घरेलू गैस सिलेण्डर केवल वास्तविक उपभोक्ताओं को ही उपलब्ध कराया जाय, जॉच के दौरान यदि यह पाया जाता है घरेलू गैस सिलेण्डर के वास्तविक उपभोक्ताओं के इतर किसी अन्य व्यक्ति को दिया जा रहा है तो उस गैस एजेन्सी के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करायी जायेगी।
बैठक के दौरान कतिपय एजेन्सी के प्रतिनिधियों द्वारा यह बताया गया कि कुछ लोगों / सोशल मीडिया के लोगों के द्वारा हाकरों (डिलिवरी मैन) को अनावश्यक रूप परेशान किया जा रहा है। जिलाधिकारी द्वारा गैस एजेन्सियों के मालिकों / प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में गैस सिलेण्डर का डाईवर्जन न होने पाये।

बैठक के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा बताया गया जनपद में गैस की आपूर्ति लगातार की जा रही है गैस की कोई समस्या नही है। उन्होंने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील किया है।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल के विक्रय अधिकारियों एवं जनपद के गैस एजेन्सियों के मालिक/प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।

