संत कबीर नगर के सबसे बड़े ब्लॉक सेमरियावा के ग्राम पंचायत बढ़या माफी में 30 लाख से ज्यादा का घोटाला उजागर,
1 min read
ग्राम प्रधान, सचिव व तकनीकी सहायक से 30.89 लाख की रिकवरी के आदेश, कार्रवाई तय
संतकबीरनगर-
सेमरियावां ब्लॉक के बढ़या माफी ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर बड़ा घोटाला उजागर हुआ है। पंचम वित्त, 15वें वित्त और मनरेगा योजनाओं में करीब 30 लाख 89 हजार रुपये के गोलमाल का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। आयुक्त बस्ती मंडल अखिलेश सिंह के आदेश पर कराई गई जांच में ग्राम पंचायत में कराए गए कई कार्यों में गंभीर वित्तीय अनियमितताएं पाई गईं।
जांच रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव और तकनीकी सहायक की मिलीभगत से योजनाओं की धनराशि में हेरफेर किया गया।
मामले में जिला कार्यक्रम समन्वयक/जिलाधिकारी संतकबीरनगर आलोक कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीनों जिम्मेदारों से 30.89 लाख रुपये की रिकवरी का आदेश जारी कर दिया है। साथ ही ग्राम प्रधान के खिलाफ पंचायती राज अधिनियम के तहत कार्रवाई और पंचायत सचिव व तकनीकी सहायक पर विभागीय कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। जांच की शुरुआत बढ़या माफी निवासी शहजाद द्वारा की गई शिकायत के बाद हुई थी। मंडलीय प्राविधिक परीक्षक की रिपोर्ट में कई परियोजनाओं में लाखों रुपये की अनियमितता सामने आई। मनरेगा की योजनाओं में भी बड़े पैमाने पर धन के दुरुपयोग की पुष्टि हुई है। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और अब सभी की नजर आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।

